स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने बिहार के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने राज्य की सरकारी नौकरियों में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से महज 100 रुपये लेने की घोषणा की। पहले अलग अलग पदों का फॉर्म भरने के लिए अलग अलग रजिस्ट्रेशन फीस होती थी। लेकिन अब केवल 100 ही देने होंगे। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 19 वीं बार झंडा फहराया। इसी दौरान सीएम ने युवाओं के लिए घोषणा की।

केवल प्रारंभिक परीक्षा के लिए लगेगी फीस

सीएम ने बताया कि अब राज्य स्तरीय सरकारी नौकरी हेतु सभी आयोगों बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार कर्मचारी चयन आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, केंद्रीय सिपाही चयन परिषद आदि के द्वारा आयोजित प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाई जाएगी। अब प्रारंभिक (PT) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से मात्र 100 रुपये शुल्क लिया जाएगा, जबकि प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य (Mains) परीक्षा में पहुंचने वाले उम्मीदवारों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। इस कदम से लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

50 लाख नौकरी-रोजगार का लक्ष्य

सीएम नीतीश कुमार ने यह भी घोषणा की कि 2025 से 2030 के बीच 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। बताया कि 2023 तक 2,56,000 शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी, जिसे अब 3 लाख से अधिक कर दिया गया है। राज्य में पहले 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे बढ़ाकर अब कुल 50 लाख नौकरी-रोजगार कर दिया गया है। सीएम ने कहा कि राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार मिले, यह हमारी प्राथमिकता रही है। इस पहल से युवा और प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।

‘किसी भी कोने से 5 घंटे में पटना’

सीएम ने दावा किया कि बिहार में परिवहन व्यवस्था में सुधार के कारण अब राज्य के किसी भी हिस्से से पटना महज 5 घंटे में पहुंचा जा सकता है। सीएम ने कहा कि इससे रोजगार और विकास की गति तेज मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights