बरेली, 20 जनवरी । शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी मंगलवार को बीडीए की प्रवर्तन टीम ने थाना किला क्षेत्र की आनंद बिहार कॉलोनी के पीछे किला छावनी इलाके में अतीक अहमद की अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण किया।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जमीन पर प्लॉट चिन्हांकित किए जा चुके थे और आंतरिक सड़कें, नालियां, साइट ऑफिस व बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी कराया जा रहा था। यह सब नियमों के खिलाफ पाया गया।
विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के निर्देश पर बीडीए की टीम मौके पर पहुंची। टीम में सहायक अभियंता गजेन्द्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी और अन्य अधिकारी मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीनों से सड़क, नालियां और बाउंड्रीवॉल ध्वस्त की गई। बीडीए ने चेतावनी दी कि अवैध कॉलोनियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्लॉट या कॉलोनी की वैधता जांचने के बाद ही निवेश करें।
