घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं। घाटशिला विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को मतदान हैं। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में अपनी-अपनी पार्टियों को जिताने के लिए बीजेपी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है।
“हेमंत सरकार भी ममता सरकार के रास्ते में चल रही”
बीजेपी की ओर से कई राज्य के सीएम प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। इसी बीच बंगाल विधायक दल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल की तरह झारखंड सरकार भी राज्य में बांग्लादेशियों को दामाद बनाकर वोट बैंक की राजनीति कर रही है। झारखंड को खत्म किया जा रहा है। झारखंड में ना शिक्षा ना स्वास्थ्य ना रोजगार है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार भी ममता सरकार के रास्ते में चल रही हैं। घाटशिला में भाजपा के प्रत्याशी की जीत होगी। वहीं, इस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पलटवार किया है।
“यह लोग किसी के नहीं तो घाटशिला के कैसे होंगे”
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राम मिलाई जोड़ी, जहां एक तरफ ममता ने जिसे पहचान दिलाई, शुभेंदु सरकार आज उनके खिलाफ है। वहीं झारखंड में भी कुछ राजनीतिक नेता जिसको पहचान झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दी आज वह भी विरोध में है। भट्टाचार्य ने कहा कि यह लोग किसी के नहीं तो घाटशिला के कैसे होंगे। सिर्फ बांग्लादेशी बोलकर जनता को भ्रमित करने का काम करते हैं। उनका कहना है कि जनता इसका जवाब देगी। सुवेंदु अधिकारी, कुछ साल पहले झारखंड में बीजेपी की सरकार थी तो उन लोगों ने क्या किया?
