-------------------

वेटिकन सिटी, 15 मार्च । पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और जारी सैन्य संघर्ष के बीच पोप लियो XIV ने युद्धविराम की जोरदार अपील की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हालात बेहद गंभीर हैं और हिंसा को तुरंत रोककर संवाद का रास्ता अपनाया जाना चाहिए।

रविवार को वेटिकन सिटी में एंजेलस प्रार्थना के बाद अपने संबोधन में पोप ने कहा कि खाड़ी देशों में लोग पिछले दो सप्ताह से युद्ध की भयावहता झेल रहे हैं। उन्होंने संघर्ष में शामिल पक्षों से अपील करते हुए कहा कि वे तुरंत संघर्ष विराम लागू करें और बातचीत के जरिए समाधान तलाशें।

पोप लियो ने कहा कि इस संघर्ष में हजारों निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की जिनके प्रियजन स्कूलों, अस्पतालों और रिहायशी इलाकों पर हुए हमलों में मारे गए।

उन्होंने कहा कि युद्ध और हिंसा किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकते। उनके अनुसार, हिंसा से न तो न्याय स्थापित होता है और न ही स्थिरता और शांति मिलती है, जिसकी इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से उम्मीद कर रहे हैं।

पोप ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि वे शांति स्थापित करने के प्रयासों को मजबूत करें और मानवीय संकट से जूझ रहे लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट के लोगों को अब युद्ध नहीं बल्कि शांति, सुरक्षा और स्थिरता की जरूरत है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights