भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अपील की है कि 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भारत का बॉयकॉट करने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर सख्त कार्रवाई की जाए. पाकिस्तान सरकार ने अपनी नेशनल टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इजाजत दे दी है, लेकिन खबरों के मुताबिक, उन्हें भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मैच में मैदान पर न उतरने का निर्देश दिया है.
सुनील गावस्कर ने अचानक उठा दी बड़ी मांग
भारत और पाकिस्तान को 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में एक-दूसरे का सामना करना हैं. दोनों टीमों के बीच इस मुकाबले को हर ICC इवेंट का सबसे ज्यादा इंतजार वाला मैच माना जाता है. हालांकि, पाकिस्तान सरकार की घोषणा के बाद इस बड़े मुकाबले के भविष्य पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का फैसला किया है, तो सुनील गावस्कर ने कहा कि ICC को दखल देना चाहिए और पाकिस्तान पर बैन लगाना चाहिए ताकि भविष्य में दूसरी टीमों के लिए एक मजबूत मिसाल कायम हो सके.
‘ICC को पाकिस्तान पर कड़ा बैन लगाना चाहिए’
सुनील गावस्कर ने कहा, ‘निश्चित रूप से, मुझे लगता है कि अगर आप आखिरी समय में नाम वापस लेते हैं, तो यह एक समस्या है. अगर आप पहले ही नाम वापस ले लेते हैं, तो यह बिल्कुल अलग बात है. लेकिन अगर आप आखिरी समय में, टूर्नामेंट से ठीक पहले नाम वापस लेते हैं, तो हां, मुझे लगता है कि ICC को जरूर दखल देना चाहिए और कुछ कार्रवाई करनी चाहिए. मुझे नहीं पता कि वे क्या कार्रवाई करेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें कई दूसरे बोर्ड भी शामिल हैं, इसलिए यह सिर्फ एक व्यक्ति का फैसला नहीं होगा. हालांकि, यह कुछ ऐसा होना चाहिए जिससे यह पक्का हो कि भविष्य में कोई दूसरी टीम भी ऐसा करने के बारे में न सोचे.’
पाकिस्तान की टीम नहीं उतरी तो क्या होगा?
अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरता है, तो ICC के नियमों के तहत मैच को फोरफीट माना जाएगा. इससे पाकिस्तान के दो पॉइंट अपने आप कम हो जाएंगे, साथ ही उसके नेट रन रेट पर भी बुरा असर पड़ेगा. प्लेइंग कंडीशंस का क्लॉज़ 16.10.7 कहता है कि, फोरफीट होने की स्थिति में, डिफॉल्ट करने वाली टीम के पूरे ओवर गिने जाएंगे, जबकि विपक्षी टीम के नेट रन रेट पर कोई असर नहीं पड़ेगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC आगे PCB पर अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर सकता है.
