लखनऊ स्थित सीबीआई दफ्तर के सुरक्षा कर्मचारी एएसआई वीरेंद्र सिंह पर हमला करने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी ने सबसे पहले मुख्य गेट पर एएसआई को बाण मारा। जब बाण उनके पेट में घुस गया और वह घायल होकर अंदर भागे, तो आरोपी उनके पीछे भी आया और अंदर जाकर दूसरा बाण भी चला दिया। इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। लेकिन, एक अन्य सुरक्षाकर्मी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को डंडे से पीटकर जमीन पर गिरा दिया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
आरोपी दिनेश मुर्मू ने ASI वीरेंद्र सिंह पर तीर से किया हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम दिनेश मुर्मू है, जिसकी उम्र 50 साल है। वह बिहार का रहने वाला है। यह घटना शुक्रवार को हुई। उस दिन लखनऊ पुलिस लाइन से तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह सुरक्षा में ड्यूटी पर थे। तभी आरोपी दिनेश मुर्मू वहां पहुंचा। उनसे पूछताछ करने पर उसने झोले से धनुष और बाण निकाला और वीरेंद्र सिंह पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
आरोपी दिनेश मुर्मू पर कई आपराधिक मामले, पुलिस ने गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। वह बिहार में रेलवे में नौकरी करता था, लेकिन साल 2000 में अपने गुस्से और आक्रामक स्वभाव की वजह से रेलवे से निकाल दिया गया। इसके बाद साल 2005 में दिल्ली पुलिस के सिपाही से मारपीट करने के मामले में जेल गया। 2015 में जौनपुर में जीआरपी ने उस पर सिपाही के साथ मारपीट का आरोप लगाकर जेल भेजा था। रेलवे में नौकरी के दौरान ही उसने रेलवे ट्रैक इंस्पेक्टर से 200 रुपये घूस मांगी थी, जिसे सीबीआई की भ्रष्टाचार टीम ने पकड़ लिया था और ट्रैक इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने आरोपी दिनेश मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि वह बिहार का रहने वाला है और कई बार जेल जा चुका है। अब उसकी खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।