jodhpu-accident-pickup-hit-boy

मुंबई के कोस्टल रोड टनल में रविवार (1 फरवरी) देर रात एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में 3 लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस जांच में सामने आया है कि मर्सिडीज एक नाबालिग चला रहा था. हादसा रात करीब 1.45 बजे मुंबई कोस्टल रोड टनल के भीतर हुआ.

पुलिस के मुताबिक, मर्सिडीज ने अचानक तेज रफ्तार में आगे चल रही कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सामने वाली कार में बैठे लोग झटके से घायल हो गए. हादसे के बाद टनल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ.

डिनर के लिए जा रहा था परिवार

हादसे में जिस कार को टक्कर लगी, उसे मीरा रोड निवासी 36 वर्षीय प्रसन्न मोपकर चला रहे थे. उनके साथ उनकी पत्नी और सास भी मौजूद थीं. तीनों बोरीवली से कोलाबा स्थित एक होटल में डिनर के लिए जा रहे थे. टक्कर के बाद प्रसन्न मोपकर और उनकी सास को हल्की चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी की नाक में गंभीर चोट लगी.

हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार महिला की नाक में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है. बाकी दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

नाबालिग चला रहा था मर्सिडीज

पुलिस जांच में पता चला कि मर्सिडीज एक वरिष्ठ नागरिक कारोबारी के नाम पर रजिस्टर्ड है. उनकी 18 वर्षीय पोती घर से कार की चाबी लेकर बाहर निकली थी, जबकि कार उसका 17 वर्षीय दोस्त चला रहा था. यानी हादसे के वक्त वाहन नाबालिग के हाथ में था.

इस मामले में पुलिस ने कार मालिक, उसकी पोती और नाबालिग चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights