मुजफ्फरनगर। ऑपरेशन सवेरा के तहत नई मंडी पुलिस ने नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो स्मैक के आदी हैं और एक इसकी तस्करी करता है।
जनपद मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन सवेरा के तहत नशे के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में थाना नई मंडी पुलिस ने तीन अभियुक्तों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 41.48 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापति ने जानकारी दी कि तीनों व्यक्तियों को रथेड़ी कट के समीप से गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अवैध स्मैक के साथ खड़े हैं, जिसके बाद दबिश देते हुए तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए तीनों अभियुक्त जनपद मुजफ्फरनगर के ही रहने वाले हैं। इनमें अभिनव उर्फ शुभम पुत्र बालेंद्र एवं हिमांशु पुत्र सोमपाल निवासी पचैंडा कलां थाना नई मंडी के रहने वाले हैं, जबकि तीसरे अभियुक्त की पहचान नितिन उर्फ टोनी पुत्र देशवीर सिंह, निवासी मोहल्ला गौशाला, नदी रोड थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि पूछताछ में तीनों अभियुक्तों में से दो अभिनव और हिमांशु ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से स्मैक के आदी हैं और उसका सेवन करते हैं। दोनों ने नितिन से एक-एक पुड़िया पहले ही खरीद ली थी और बाकी स्मैक लेने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूरी डील करीब 1 लाख रुपये में तय हुई थी।
वहीं नितिन ने पुलिस को बताया कि उसने स्मैक मंगलौर, उत्तराखंड से खरीदी थी। जिस व्यक्ति से उसने स्मैक खरीदी, उसका नाम और पता उसे मालूम नहीं है। वह इस स्मैक को मुजफ्फरनगर जिले में अलग-अलग जगह सप्लाई करता था और इसी से धन अर्जित करता था।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के मोबाइल डाटा की भी जांच की जा रही है। उनके पिछले और मौजूदा संपर्कों की पड़ताल कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में नई मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
