शहर में नशा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस के मददगारों को सरेआम निशाना बनाने लगे हैं। एक ताजा मामले में नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देने के शक में कुछ बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक ने आरोप लगाया है कि हमलावरों को शक था कि वह उनके काले धंधे की मुखबिरी पुलिस से करता है।
विकास कुमार ने पुलिस शिकायत में बताया कि घटना 28 फरवरी की शाम करीब 7:00 बजे की है। उस वक्त वह अपने काम पर बैठा हुआ था कि अचानक दीपक, प्रिंस, रवि और सुक्खी नामक युवक अपने 4-5 अज्ञात साथियों के साथ वहां धमक पड़े। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, इस हमले की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और नशा तस्करी है। आरोपी उसे लंबे समय से धमकियां दे रहे थे क्योंकि उन्हें शक था कि वह इलाके में उनके द्वारा बेचे जा रहे नशे के कारोबार की जानकारी गुप्त रूप से पुलिस तक पहुंचाता है। इसी शक के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला बोला ताकि उसे डराया-धमकाया जा सके। उधर, पुलिस का कहना है कि बयान दर्ज कर आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
