राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दो दिवसीय दौरे पर आ रहीं है। उनका यहां पर भव्य स्वागत होगा। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है। सर्किट हाउस और कार्यक्रम स्थलों के 5 किलोमीटर के दायरे को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ड्रोन, पतंग और गुब्बारों पर प्रतिबंध रहेगा। राष्ट्रपति के आने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा ”आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में शामिल होने आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यहां गोरखपुर में भव्य स्वागत किया जाएगा।”

इन कार्यक्रमों में शामिल होंगी राष्ट्रपति 
राष्ट्रपति मुर्मू 30 जून को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-गोरखपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद अगले दिन एक जुलाई को मुर्मू भटहट के पिपरी में बने राज्य के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण और सोनबरसा बालापार में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में अकादमिक भवन, सभागार, पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण और “छात्रावास” का शिलान्यास करेंगी।

स्वागत में कोई कमी न होः योगी 
बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में शामिल होने आ रहीं राष्ट्रपति के स्वागत में कोई कमी न रहे, इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दो दिन भटहट के पिपरी स्थित आयुष विश्वविद्यालय का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करने के बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से गोरखनाथ मंदिर जाएंगी। योगी ने निर्देश दिए कि राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यक्रम को भव्य बनाने में कोई कसर बाकी नहीं रहनी चाहिए। राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी लोग पूरी जिम्मेदारी से राष्ट्रपति के कार्यक्रम को यादगार बनाने में जुट जाएं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights