उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में रविवार की शाम दोस्ती के नाम पर एक खौफनाक वारदात सामने आई। चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव में एक युवक की उसके ही दोस्तों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाइवे जाम कर दिया।

बहाने से बुलाकर मारी गोली
मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण निषाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे विशाल नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ अरुण के घर पहुंचा। विशाल ने किसी काम का बहाना बनाकर अरुण को घर से बाहर बुलाया। अरुण को अंदाजा भी नहीं था कि जिसे वह दोस्त समझ रहा है, वही उसकी जान लेने आया है। घर से महज 100 मीटर की दूरी पर ले जाकर विशाल, देवेंद्र और अन्य साथियों ने अरुण के साथ पहले कहासुनी की और फिर उसके पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुके थे। अरुण को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का फूटा गुस्सा, हाइवे पर लगा जाम
अरुण अपने दो भाइयों में बड़ा था और पेंट-पॉलिश का काम कर घर का बोझ उठा रहा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया।

8 लोगों के खिलाफ मुकदमा, तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर 8 लोगों (दो नामजद और छह अज्ञात) के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights