उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब पार्टी के दौरान हुए झगड़े में एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना थाना रेंढर क्षेत्र के गडेरना गांव की है।
क्या है पूरा मामला?
गडेरना गांव के रहने वाले धर्मेंद्र का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर बरामद हुआ। जब ग्रामीणों ने शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही सीओ माधौगढ़ अंबुज सिंह और थानाध्यक्ष रेंढर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस की जांच में सामने आया कि धर्मेंद्र के गांव का ही रहने वाला राहुल कुशवाहा, धर्मेंद्र के भाई नरेंद्र को किसी काम से जयपुर जाने के लिए जालौन छोड़ने गया था। वापस लौटने के बाद राहुल और धर्मेंद्र ने साथ बैठकर शराब पी। शराब पीते समय दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया कि राहुल, नरेंद्र को जालौन क्यों छोड़ने गया था।
गुस्से में किया हमला
झगड़ा इतना बढ़ गया कि राहुल ने गुस्से में आकर धर्मेंद्र के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र किसी तरह वहां से कुछ दूरी तक चला और एक जगह बैठ गया। बाद में वहीं पर उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
हत्या के बाद राहुल नशे की हालत में कुछ दूरी पर जाकर बैठ गया। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने सारे सबूत इकट्ठा किए, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ माधौगढ़ अंबुज सिंह ने बताया कि आरोपी हिरासत में है, और मामले की पूरी जांच की जा रही है।
