उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर डिलारी-सुरजन नगर मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। कार बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई और दोनों बाइक सवारों को कुचल दिया। मरने वालों में से एक सातवीं का छात्र और एक युवक था। बताया जा रहा है कि ये कार एक दरोगा की थी। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली और आरोपी की तलाश की जा रही है।

घर लौट रहे लड़के हुए हादसे का शिकार 
यह हादसा डिलारी-सुरजन नगर मार्ग पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, ठाकुरद्वारा कोतवाली के गांव शेरपुर पट्टी उर्फ तालमपुर निवासी बब्बू खां का पुत्र मोहम्मद सोहेल (14) गांव के पास मलकपुर स्थित निजी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता था। बहादुर नगर निवासी अरमान (20) शेरपुर पट्टी में बाल कटिंग की दुकान चलाता था। शनिवार को बाइक से दोनों ग्राम लालापुर पीपलसाना गए थे। दोपहर के समय दोनों घर लौट रहे थे। डिलारी-सुरजननगर मार्ग पर तालमपुर मोड़ पर डिलारी की तरफ से आई तेज गति कार ने बाइक को टक्कर मार दी, टक्कर के बाद कार बाइक को काफी दूर तक घसीटती रही। 

आरोपी की तलाश कर रही पुलिस 
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुहेल की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अरमान को अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को बरामद कर लिया था।  कोतवाल ने बताया था कि क्षतिग्रस्त बाइक और टक्कर मारने वाली कार को जब्त कर सुरजन नगर चाैकी पर खड़ा करा दिया गया है। देर शाम जब सुरजन नगर चाैकी पर देखा गया तो कार वहां नहीं थी। अब पुलिस आरोपी और वाहन की तलाश कर रही है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights