उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड 10 निवासी एक युवक ने पत्नी पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए रात करीब 10 बजे खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर सुसाइड करने का प्रयास किया। इस वजह से परिजनों में हड़कंप मच गया।
युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद से युवक के परिजन सदमे में हैं। पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने आत्महत्या के प्रयास जैसा खौफनाक कदम उठाया है।
पत्नी से परेशान होकर युवक ने उठाया खौफनाक कदम
वजीरगंज के वार्ड 10 निवासी मनोज मिश्रा के पिता डॉक्टर शिवओम मिश्रा का कहना है कि मनोज ने 25 फरवरी 2020 को गांव नदवारी निवासी नीतू से लव मैरिज की थी। शुरूआती समय में सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे पत्नी से मनोज के विवाद होने लगे। जो समय के साथ-साथ बढ़ता गया। बीते 4 सालों से स्थिति और बिगड़ गई।
शख्स के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
डॉक्टर शिवओम मिश्रा का आरोप है कि मनोज की पत्नी आए दिन उस पर और उसके परिवार के सदस्यों पर मुकदमे दर्ज कराती रही। जिससे मनोज मानसिक रूप से टूट चुका था। पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंगलवार को भी पत्नी ने मनोज के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत लेकर वह थाने गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लेकिन जब उसकी पत्नी थाने पहुंची तो हल्का इंचार्ज ने फोन पर उससे अभद्रता की और मनोज पर मकान खाली करने का दबाव बनाया। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
मंगलवार को जब मामले में कहीं से सुनवाई नहीं हुई तो मनोज ने देर रात खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल कर आग लगा ली। हालांकि, परिजनों और आसपास के लोगों के पहुंचने पर जल्द आग पर काबू पा लिया गया। मनोज को पहले CHC ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल उसे जिला अस्पताल से भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले को लेकर वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते मनोज ने आत्मदाह का प्रयास किया। युवक को अस्पताल भेज गया है। मामले में पत्नी की ओर से पूर्व में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी देती थी नीले ड्रम में भरने धमकी
मनोज के पिता के मुताबिक, उसकी पत्नी उसे मारकर नीले ड्रम में भरने की धमकी देती थी। एक दिन पहले भी पत्नी ने मनोज के साथ चिमटे से मारपीट की थी।
