आगरा में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर नाबालिग से अश्लील हरकत, अवैध बंधक बनाने और लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी तांत्रिक ने एक परिवार को यह कहकर भयभीत किया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी छह माह की गर्भवती है और उसके गर्भ में ‘जिन्न का बच्चा’ है। इस झूठे दावे के सहारे कथित पूजा कराकर परिवार से तीन लाख रुपये ऐंठ लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

फतेहपुर सीकरी निवासी पीड़ित ने बताया कि वह वर्तमान में शास्त्रीपुरम क्षेत्र में रह रहा है। कुछ समय पहले उसके पिता का संपर्क संतोषी उर्फ भैरव बाबा नामक तांत्रिक से हुआ। तांत्रिक ने धीरे-धीरे परिवार को अंधविश्वास में फंसा लिया। घर पर जिन्न का साया और बेटी पर बुरी शक्तियों का प्रभाव होने की बात कहकर डर पैदा किया।

पीड़ित के अनुसार, 20 दिसंबर को वह अपने पिता, 17 वर्षीय बेटी, भतीजी और 20 वर्षीय बेटे के साथ जगदीशपुरा के अमरपुरा स्थित भैरव मंदिर पहुंचा। वहां तांत्रिक ने अपनी पत्नी और एक अन्य महिला को दाई बताकर लड़की की कथित जांच करवाई। दोनों महिलाओं ने नाबालिग को छह माह की गर्भवती बताते हुए कहा कि उसके गर्भ में जिन्न का बच्चा है और यदि तुरंत विशेष पूजा नहीं कराई गई तो जान का खतरा है।

आरोप है कि पूजा के बहाने नाबालिग को मंदिर परिसर में बने कमरे में ले गया। दो दिनों तक रखा गया। इस दौरान आरोपी तांत्रिक संतोषी उर्फ भैरव बाबा पूजा की आड़ में कमरे के भीतर अकेला रहा और नाबालिग से अश्लील हरकतें कीं। उसका एक वीडियो भी बनाया। जब बच्ची ने इसका विरोध किया तो उसे डराया। डर और दबाव बनाकर परिवार से तीन लाख रुपये भी वसूल लिए गए।

बाद में जब पीड़ित ने बेटी को डॉक्टर को दिखाया तो जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई और गर्भवती होने की बात झूठी निकली। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने अपने एक साथी को दरोगा बताकर फोन पर धमकी दिलवाई। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाना जगदीशपुरा में केस दर्ज कराया है।

एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार सिंह ने बताया कि तांत्रिक, उसकी पत्नी, कथित महिला सहयोगी और अज्ञात साथियों के खिलाफ ठगी, नाबालिग से छेड़छाड़, धमकी, अवैध रूप से रोकने और अंधविश्वास फैलाने जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights