उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक दूल्हा-दुल्हन की शादी मंदिर में पारंपरिक तरीके से हुई, लेकिन शादी के सिर्फ 18 घंटे बाद ही दोनों अलग हो गए। इसका कारण था कि लड़की वालों ने अपनी जाति छुपा रखी थी, जो लड़के और उसके परिवार को बाद में पता चली। इसके बाद लड़के वालों ने लड़की को अपनाने से इनकार कर दिया और मामला थाने तक पहुंचा।

बेटे की शादी के लिए लड़की की तलाश में पिता
मिली जानकारी के मुताबिक, रक्सा क्षेत्र के बसाई गांव के रहने वाले सगुन पिछले कई समय से अपने 28 वर्षीय बेटे धर्मेंद्र की शादी के लिए लड़की ढूंढ रहे थे। इसी दौरान गांव के एक युवक ने बताया कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में एक लड़की है, जिसका भाई उसकी शादी करवाना चाहता है।

50 हजार रुपए में तय हुई शादी
लड़की के भाई ने खुद को उसी जाति का बताया और शादी के लिए हामी भर दी। उसने शादी के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की। सगुन ने उस पर भरोसा जताते हुए 20 हजार रुपए एडवांस भी दे दिए। इसके बाद शादी की तैयारियां शुरू हुईं और 27 जून को झांसी के प्रसिद्ध बड़ी माता मंदिर में शादी की तारीख तय की गई।

मंदिर में फेरे लिए गए, पर शादी के दौरान हुआ सच का खुलासा
शादी बड़े भव्य तरीके से हुई, वर-वधू ने फेरे लिए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन उसी समय लड़की के भाई ने शराब के नशे में कुछ ऐसा कह दिया, जिससे सारी सच्चाई सामने आ गई। उसने कहा, “हमारी बिरादरी अलग है, बस शादी हो जाए, बाकी सब देख लेंगे।” यह बात सुनकर लड़के वालों को शक हुआ और उन्होंने सवाल किए, लेकिन लड़की के भाई ने विवाद बढ़ाते हुए वहां से चले जाने को ही बेहतर समझा।

लड़की ने घर में खाना-पीना बंद कर दिया, मामला थाने तक पहुंचा
शादी के बाद जब लड़की को धर्मेंद्र के घर लाया गया, तो उसने ना तो खाना खाया और ना ही किसी से बात की। इस पूरे मामले ने धर्मेंद्र और उनके परिवार को मानसिक रूप से बहुत परेशान कर दिया। इसके बाद सगुन अपने बेटे और बहू को लेकर रक्सा थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने आए, टूट गई शादी
पुलिस की मध्यस्थता में लड़की के भाई को भी थाने बुलाया गया। जब दोनों परिवार आमने-सामने आए तो विवाद और भी बढ़ गया। अंततः दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी को खत्म करने का फैसला किया। इसके बाद लड़की अपने भाई के साथ वापस अपने घर चली गई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights