जयपुर के दो प्रमुख होटलों में शनिवार को व‍िस्‍फोटक होने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई और इन होटलों को खाली करवाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

शनिवार को जब यह धमकी भरा ईमेल मिला उस समय राज्य सरकार के तीन मंत्री एक होटल में कार्यक्रम में भाग ले रहे थे।

हालांकि, होटल की गहन तलाशी ली गई लेकिन कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

शहर में स्थित ‘हॉलिडे इन होटल’ को आज सुबह ईमेल के माध्यम से परिसर में बम होने की धमकी मिली। उस समय वहां एक कार्यक्रम चल रहा था। इसके मेहमानों में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, उद्यमिता मंत्री के.के. बिश्नोई और सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंत्री बेढम को कार्यक्रम के दौरान धमकी के बारे में बताया गया। उन्होंने कार्यक्रम में होटल को खाली करने की घोषणा की। इसके तुरंत बाद तीनों मंत्री वहां से चले गए।

अतिरिक्त उपायुक्त (दक्षिण) ललित शर्मा ने बताया कि बम और स्वान दस्ते ने होटल की गहन तलाशी ली लेकिन कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

इसके कुछ ही देर बाद, दिल्ली रोड पर स्थित ‘रैफल्स होटल’ को ईमेल के जरिए ऐसी ही धमकी मिली। आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और बम निरोधक दस्ते की टीम दोनों जगहों पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर मेहमानों और होटल के कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights