बुलंदशहर जिले में पुलिस ने इसी साल जुलाई में एक युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसकी भाभी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तेजवीर सिंह ने बताया कि गत 18 जुलाई को डिबाई थाना क्षेत्र के घुसराना हरी सिंह गांव के रहने वाले भूपेंद्र (22) का शव गांव के बाहर पाया गया था। उसके गले में रस्सी का फंदा लगा था।

देवर की शादी से नाराज थी भाभी 
सूचना मिलने पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। उन्होंने बताया कि आज घटना का खुलासा किया गया है और इसमें शामिल भूपेंद्र की भाभी वर्षा और उसके प्रेमी गौरव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया है कि वर्षा भूपेंद्र की शादी अपनी बहन से कराना चाहती थी। मगर वह उसकी शादी कहीं और हो जाने से काफी नाराज थी।

भाभी के प्रेम संबंधों को देवर करता था विरोध 
सिंह ने बताया कि इसी दौरान भूपेंद्र को अपनी भाभी के गौरव नाम के युवक से प्रेम संबंधों के बारे में जानकारी हो गई थी जिसका वह विरोध करने लगा था। इसी कारण वर्षा ने अपने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर भूपेंद्र की हत्या की योजना बनाई और गौरव ने अपने साथी छोटे सिंह के साथ मिलकर भूपेंद्र की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मामले का एक अन्य अभियुक्त छोटे सिंह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जाए जा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights