चाक-चौबंद सुरक्षा, दुआओं से रोशन मुजफ्फरनगर, अलविदा जुमे पर दिखी एकता और अमन की ताकत
मुजफ्फरनगर। रमज़ान के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमे के पावन अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की और देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। पूरे जनपद में नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसने गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं मुस्तैद नजर आए। उन्होंने नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ईदगाह पहुंचकर उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और नमाज के दौरान की जा रही व्यवस्थाओं को परखा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से भी संवाद स्थापित कर आपसी सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर और प्रमुख चौराहों पर पुलिस, पीएसी और खुफिया एजेंसियों के जवान तैनात रहे। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी की गई, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। अलविदा जुमे की नमाज के दौरान लाखों हाथ दुआ के लिए उठे, जहां लोगों ने देश में अमन-ओ-चैन, तरक्की और भाईचारे की कामना की।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में भाईचारे और एकता की मिसाल देखने को मिली। जनपद प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते अलविदा जुमे का यह पावन दिन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जिसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मुजफ्फरनगर की सरजमीं पर आपसी सौहार्द और एकता की जड़ें कितनी मजबूत हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights