उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक ऐसी चोरी का मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। जहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की महंगे मोबाइल की ख्वाहिश पूरी करने के लिए शूटर बनने के बजाय शटर तोड़ना बेहतर समझा। आरोपी ने एक नामी मोबाइल शॉप का शटर उखाड़कर करीब 10 लाख रुपए के फोन और यहां तक कि गुल्लक के सिक्के तक बटोर लिए।

CCTV में कैद हुई चोरी की फिल्म
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। 5 मार्च की रात जब दुकानदार होली की छुट्टियों के चलते बाहर गया था, तभी आरोपी ने दुकान को निशाना बनाया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई। वीडियो में आरोपी बड़े आराम से बैग में कीमती मोबाइल फोन भरता और दुकान की तलाशी लेता हुआ दिखाई दे रहा है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का भारी दबाव था।

पूछताछ में खुला रोमांटिक राज
पुलिस और एसओजी (SOG) टीम ने जब सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को धर दबोचा, तो उसने जो वजह बताई उसे सुनकर सब दंग रह गए। आरोपी ने कबूल किया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे एक महंगे स्मार्टफोन की मांग की थी। बेरोजगार होने के कारण उसके पास पैसे नहीं थे, इसलिए उसने रातों-रात अमीर बनने और महबूबा की डिमांड पूरी करने के लिए चोरी की साजिश रच डाली।

लाखों की बरामदगी, जेल पहुंचा आशिक
एएसपी मेविस टोक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है:-
– 31 कीमती मोबाइल फोन (बाजार मूल्य लगभग 10 लाख रुपये)
– 2 ईयर बर्ड्स
– 20 हजार रुपए नगद और एक चेक बुक
पुलिस ने चोरी का सारा माल बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। अब यह कलयुगी मजनू अपनी गर्लफ्रेंड को फोन तो नहीं दे सका, लेकिन जेल की हवा जरूर खा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights