उत्तराखंड में केदारनाथ मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ है। सोमवार देर शाम केदारनाथ से लौट रहे छह यात्री सोनप्रयाग में ऊर्जा निगम के पावर हाउस के समीप भूस्खलन जोन में पहाड़ी से गिर रहे पत्थर व मलबे में फंस गए। इससे मौके पर पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एसआई आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू शुरू कर दिया था। रेस्क्यू के दौरान एक शव बरामद किया गया, जिसकी शिनाख्त गोपाल (50 ) पुत्र भक्तराम, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आज सुबह भी रेस्क्यू के दौरान टीमों ने मलबे में दफन तीन और शव बरामद किए हैं। इसके अलावा हादसे में दो लोग घायल भी हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। जीवछ तिवारी पुत्र रामचरित्र, मनप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह और छगन लाल पुत्र भक्तरामन घायल हो गए, जिन्हें सोनप्रयाग पहुंचाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सोनप्रयाग बाजार से लगभग एक किमी आगे भूस्खलन जोन में पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से वह फंस गए थे। क्षेत्र में अन्य यात्रियों की होने की संभावना को देखते हुए खोजबीन की जा रही थी, जिसमें आज तीन शव बरामद हुए हैं।