अमेठी जिले के एक दरोगा का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में दरोगा हेम नारायण सिंह और उनके मुखबिर हिमांशु के बीच की बातचीत सुनी जा सकती है। जिसमें दरोगा अपने मुखबिर से कट्टा (तमंचा) लाने को कह रहे हैं और बता रहे हैं कि थाने में एक ब्राह्मण व्यक्ति को रखा गया है, जिसे जेल भेजना है। इस ऑडियो के वायरल होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। साथ ही सियासी गलियारे में भी उफान आ गया है। राजनेताओं के बीच हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे को निशाना बनाते हुए सपा ने योगी सरकार को आड़े हाथ लिया है। बता दें कि वायरल ऑडियो वाला दरोगा अमेठी के मुसाफिरखाना थाने में तैनात है। 

क्या है ऑडियो में?
ऑडियो में दरोगा हेम नारायण सिंह मुखबिर से कहते हैं कि जल्दी से 315 बोर का कट्टा ले आओ, जो भी खर्च आए, उसे दे दिया जाएगा। थाने में एक ब्राह्मण को बैठा रखा है और उसे जेल भेजना है। दरोगा हेम नारायण सिंह की इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिले के एडिशनल एसपी शैलेंद्र सिंह ने मामले की जांच का आदेश दे दिया है। साथ ही उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, पंजाब केसरी  इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

सपा ने योगी सरकार पर बोला तीखा हमला
सोशल मीडिया पर इस ऑडियो के वायरल होने के बाद सपा ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखते हुए कहा कि यह ऑडियो नहीं, बल्कि इस सरकार का असली चेहरा है। सपा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जाति देखकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण, दलित, मुस्लिम और पिछड़े सभी समुदाय के लोग सत्ता के निशाने पर हैं। क्या अभी भी किसी सबूत की जरूरत है ये जानने के लिए कि उत्तर प्रदेश में जातिवाद, गुंडाराज और भ्रष्टाचार किस कदर फैला हुआ है।  

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights