अहमदाबाद में पश्चिम एशिया के लिए आने-जाने वाली 20 से अधिक उड़ानें 1 मार्च को रद्द कर दी गईं. यह कदम ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के सैन्य अभियान के मद्देनजर उठाया गया. अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, वडोदरा, अहमदाबाद और गुजरात के अन्य हिस्सों से यात्रा करने वाले कई यात्री दुबई, अबू धाबी और सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं. जनप्रतिनिधियों ने इन यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है.

कौन-कौन सी उड़ानें हुईं रद्द?

एक अधिकारी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई, कुवैत, अबू धाबी, जेद्दा, दोहा, बगदाद और शारजाह जाने वाली उड़ानें रद्द की गई हैं. इन गंतव्यों से अहमदाबाद आने वाली उड़ानों को भी अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है. पीटीआई के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रभावित यात्रियों को उड़ान रद्द होने की सूचना दे दी गई है. हवाई अड्डे पर किसी प्रकार की भीड़भाड़ या अव्यवस्था की स्थिति नहीं है और प्रबंधन हालात पर नजर बनाए हुए है.

कितने यात्री फंसे?

उपलब्ध जानकारी का हवाला देते हुए सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि वडोदरा के कम से कम 45 यात्री दुबई और अबू धाबी में फंसे हुए हैं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन यात्रियों की मदद के लिए समन्वय करने की बात कही है. कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला ने बताया कि अहमदाबाद के कई लोग, जिनमें जमालपुर-खाडिया क्षेत्र के निवासी भी शामिल हैं, सऊदी हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं. उन्होंने कहा कि स्थानीय परिवार लगातार अपने परिजनों की चिंता में संपर्क साध रहे हैं.

सरकार से सहायता की अपील

इमरान खेड़ावाला ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से हस्तक्षेप की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि इजराइल-ईरान तनाव के बीच गुजरात के कई नागरिक सऊदी हवाई अड्डे पर फंसे हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल और सक्रिय कदम उठाने का आग्रह किया. जनप्रतिनिधियों का कहना है कि प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित निकालने और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights