मुजफ्फरनगर।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर जमकर हंगामा खड़ा हो गया। स्थानीय गैस उपभोक्ताओं ने गैस वेंडर पर धांधली और मनमानी का गंभीर आरोप लगाते हुए एजेंसी के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
मोहल्ला रामपुरी निवासी राजकुमार तोमर के नेतृत्व में दर्जनों गैस उपभोक्ता एकत्र होकर गैस एजेंसी और वेंडर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात का फायदा उठाकर गैस वितरण में अनियमितताएं की जा रही हैं। उनका कहना है कि कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जबकि कुछ लोगों से अतिरिक्त पैसे लेने की भी शिकायत सामने आई है।
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस मामले की जांच नहीं की तो यह जनाक्रोश आगे और बड़ा रूप धारण कर सकता है। प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने शासन और प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
वहीं दूसरी ओर गैस वेंडर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वितरण में आ रही समस्या का मुख्य कारण केवाईसी (KYC) प्रक्रिया है। वेंडर का कहना है कि कई उपभोक्ताओं की केवाईसी अपडेट नहीं है, जिसके चलते सिस्टम में सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी में तकनीकी बाधा आ रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि गैस वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवाईसी का बहाना बनाकर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है और कुछ लोगों को प्राथमिकता देकर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी को लेकर क्षेत्र में भारी रोष देखने को मिला। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल मच गई है।
अफवाहों से न घबराएं, पेट्रोल-गैस की कोई कमी नहीं: रामकुमार तोमर
मुजफ्फरनगर। रामकुमार तोमर ने बताया कि प्रदेश भर में पेट्रोल और गैस को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि इन अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल और गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। साथ ही उन्होंने अफवाहों पर रोक लगाने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करें, वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और आम जनता को सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के प्रति जागरूक करें। रामकुमार तोमर ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।
