टीवी और फिल्म अभिनेता करणवीर बोहरा के पिता और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने प्रोड्यूसर Mahendra Bohra का निधन हो गया है। पिता के निधन से करणवीर बोहरा गहरे सदमे में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पिता को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
करणवीर बोहरा ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल नोट लिखते हुए कहा कि वह अपने पिता को शब्दों से भी ज्यादा मिस करेंगे। उन्होंने लिखा, “लव यू डैड… जिसने भी अपने माता-पिता को खोया है, वह जानता है कि यह कितना बड़ा दर्द होता है। लेकिन मुझे इस बात से सुकून मिलता है कि आपने एक खूबसूरत और पूरी जिंदगी जी। आप हमें वैसे ही छोड़कर गए जैसे आप हमेशा चाहते थे- शांति से और बिना किसी तकलीफ के।”
एक्टर ने अपने पिता से जुड़ी यादों को साझा करते हुए बताया कि उनके पिता हमेशा कहा करते थे कि वह इस दुनिया से जूते पहनकर जाना चाहते हैं और अंत तक मजबूत बने रहना चाहते हैं। करणवीर ने लिखा कि उनके पिता बिल्कुल वैसे ही गए- मजबूत, इज्जतदार और अपनी शर्तों पर।
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता ने उन्हें और उनकी बहन को जिंदगी के कई अहम सबक सिखाए। उम्मीद बनाए रखना, मुश्किल वक्त में भी हार न मानना, गिरने के बाद फिर से खड़े होना और पूरे जोश व सकारात्मकता के साथ जिंदगी जीना- ये सभी बातें उन्होंने अपने पिता से सीखी हैं।
करणवीर ने यह भी लिखा कि उनके पिता ने उन्हें बड़े सपने देखना सिखाया। एक प्रोड्यूसर का बेटा होने के बावजूद उन्होंने उन्हें एक्टर बनने के लिए प्रेरित किया और सिखाया कि अपना काम पूरी लगन से करना चाहिए। साथ ही उन्होंने दयालुता, स्टाइल और लोगों के साथ सम्मान से पेश आने का भी पाठ पढ़ाया। पोस्ट के अंत में अभिनेता ने लिखा कि जो भी व्यक्ति उनके पिता के बारे में बात करता है, वही कहता है कि वह बहुत अच्छे इंसान थे। करणवीर ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह ऐसे पिता के बेटे हैं और वह हमेशा इसके लिए आभारी रहेंगे।
गौरतलब है कि Mahendra Bohra कई दशकों तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े रहे। उन्होंने कई फिल्मों के निर्माण और समर्थन में अहम भूमिका निभाई और फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
