मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बुधवार की सुबह एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई है। शहर की ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में स्थित एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त घर के सदस्य गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कुंदन मंडलोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक मकान में बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच आग लगी। उन्होंने कहा, ‘‘मकान से सात लोगों के शव निकाले गए हैं। बचाव कार्य समाप्त हो गया है और आग पर काबू पा लिया गया है।’’ एसीपी ने बताया कि आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।
जांच के घेरे में आग का कारण
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद हैं। शुरुआती कयास शॉर्ट सर्किट को लेकर लगाए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। आसपास के लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक मदद पहुंचती, धुएं और लपटों ने घर को घेर लिया था।
इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकास की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
