भारतीय गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन और ढीली फील्डिंग का पूरा फायदा उठाते हुए बेन डकेट के शानदार शतक की मदद से इंग्लैंड ने 371 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर पहले टेस्ट के पांचवें दिन मंगलवार को भारत को पांच विकेट से हराया।

डकेट ने 170 गेंद में 21 चौकों और एक छक्के की मदद से 149 रन बनाए जबकि जैक क्रॉली ने 65 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 188 रन की साझेदारी करके भारत की मैच में वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए थे। इसके बाद जो रूट ने 53 और जैमी स्मिथ ने 44 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

पांच मैचों की सीरीज में अब इंग्लैंड 1-0 से आगे है। भारत की ओर से इस मैच में पांच शतक बने लेकिन इसके बावजूद टीम को पराजय का सामना करना पड़ा। इसके लिए खराब क्षेत्ररक्षण भी जिम्मेदार रहा चूंकि भारतीयों ने कई कैच टपकाए। जसप्रीत बुमराह को दूसरे छोर से गेंदबाजी में सहयोग नहीं मिल पाने से भी भारत की मुश्किलें बढ़ी। भारतीय गेंदबाजों ने सिर्फ दूसरी पारी में ही 44 चौके और तीन छक्के दे डाले। पहली पारी में 54 चौके और पांच छक्के लगे थे। 

आखिरी सत्र में रविंद्र जडेजा ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को शुभमन गिल के हाथों लपकवाया। उस समय इंग्लैंड को 69 रन की जरूरत थी लिहाजा रूट ने 150 से अधिक टेस्ट के अपने अनुभव का बखूबी इस्तेमाल करके युवा स्मिथ के साथ मेजबान को मंजिल तक पहुंचाया। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने चार कैच टपकाए। कप्तान गिल की अनुभवहीनता भी साफ नजर आई जिनके कुछ फैसले और रणनीति सटीक नहीं रही। एक समय तो ऐसा लग रहा था कि सबसे अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल कप्तानी कर रहे हैं। 

इस हार के साथ ही पारंपरिक प्रारूप में कोच गौतम गंभीर का रिकॉर्ड और खराब हो गया। गंभीर के कोच रहते भारत अब 11 में से सात टेस्ट हार चुका है। यह आंकड़ा दोहरे अंकों में भी पहुंचने का डर है क्योंकि बुमराह बाकी चार में से दो मैच नहीं खेलेंगे। शार्दुल ठाकुर ने पूरे मैच में 16 ओवर डाले और दो विकेट चटकाए। रविंद्र जडेजा जिस तरह से लय के लिए जूझते नजर आए, कुलदीप यादव को नहीं खिलाने के फैसले पर टीम प्रबंधन जरूर मलाल कर रहा होगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने मैच में पांच विकेट लिए लेकिन जिस तरह से उनकी गेंदों पर चौके पड़े हैं, वह भरोसेमंद गेंदबाज नजर नहीं आते। ऐसे में सीम औरंिस्वग गेंदबाजी के महारथी ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी की कमी खली।

बाएं हाथ के बल्लेबाज डकेट ने सुबह के सत्र में बुमराह को संभलकर खेला। बुमराह ने 19 ओवर में 57 रन दिए लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। डकेट और जैक क्रॉली (65) ने पहले विकेट के लिए 188 रन की साझेदारी की। लंच के बाद कुछ देर बारिश होने से भारत को फायदा मिला और सुबह नाकाम रहे कृष्णा ने 15 ओवर में 92 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने क्रॉली को स्लिप में राहुल के हाथों लपकवाया। इसके बाद पहली पारी में शतक लगाने वाले ओली पोप (आठ) को पैवेलियन भेजा। दोहरे झटकों के बावजूद डकेट ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।

सुबह के सत्र में बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। सिराज और ठाकुर पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने दबाव बनाए रखा। डकेट को सिराज की गेंद पर जायसवाल से जीवनदान भी मिला। जडेजा को पिच से कोई मदद नहीं मिली और डकेट ने उन्हें कई अच्छे रिवर्स स्वीप लगाए। एक रिवर्स स्वीप पर उन्होंने चौका लगाया तो दूसरी पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का जड़ा। शार्दुल ने डकेट और हैरी ब्रूक (शून्य) को आउट करके भारत को मैच में लौटाने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डकेट ने कवर में नीतिश रेड्डी को कैच थमाया जबकि ब्रूक ने विकेट के पीछे ऋषभ पंत को कैच दिया।

स्कोर बोर्ड

भारत (पहली पारी) –     471
इंग्लैंड (पहली पारी) –     465
भारत (दूसरी पारी) –     364

इंग्लैंड (दूसरी पारी) –
जैक क्रॉली का. राहुल बो. प्रसिद्ध कृष्णा     65
बेन डकेट का. रेड्डी बो. शार्दुल ठाकुर    149
ओली पोप बो. प्रसिद्ध कृष्णा     08
जो रूट (नाबाद)    53
हैरी ब्रूक का. ऋषभ पंत बो. शार्दुल ठाकुर     00
बेन स्टोक्स का. गिल बो. जडेजा     33
जैमी स्मिथ (नाबाद)    44
अतिरिक्त –     21
कुल – (82 ओवर में पांच विकेट पर)    373
विकेटपतन – 1/188, 2/206, 3/253, 4/253, 5/302 
गेंदबाजी – बुमराह 19-3-57-0, सिराज 14-1-51-0, जडेजा 24-1-104-1, प्रसिद्ध कृष्णा 15-0-92-2, शार्दुल ठाकुर 10-0-51-2

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights