पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सोमवार को पूर्वी कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्हें सुबह करीब 10 बजे वहां ले जाया गया। डॉक्टर फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और जरूरी जांच के बाद इलाज के अगले चरण पर फैसला लेंगे। पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी में जेएसडब्ल्यू के 1,600 मेगावाट के बिजली संयंत्र के शिलान्यास समारोह में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अस्पताल में बोस से मुलाकात की।

हावड़ा के डुमुरजोला हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर में चढ़ने से पहले बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, “मैंने राज्यपाल से कमांड अस्पताल में मुलाकात की, क्योंकि वह बीमार हैं। मैंने अपने मुख्य सचिव को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।” राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बोस ने शनिवार को दंगा प्रभावित मुर्शिदाबाद से लौटने के बाद सीने में जकड़न की शिकायत की थी। इससे पहले राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में मारे गए एक व्यक्ति और उसके बेटे के परिजनों, एवं अन्य पीड़ितों से शनिवार को मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। 

बोस ने शनिवार को सबसे पहले मृतक हरगोविंद दास और चंदन दास के परिवार के सदस्यों से शमशेरगंज के जाफराबाद इलाके में उनके घर पर मुलाकात की एवं उनके अनुरोधों और सुरक्षा की मांगों को सुना। बोस ने मृतकों के परिजन से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंअनुरोधों पर गौर करूंगा। तीन से चार सुझाव मिले हैं। उन्होंने इलाके में बीएसएफ की तैनाती की मांग की है। मैं इस मामले को उचित अधिकारियों के समक्ष उठाऊंगा। निश्चित रूप से कुछ ठोस कार्रवाई की जाएगी। मैंने उनके साथ ‘शांति कक्ष’ का नंबर (राजभवन की हेल्पलाइन) भी साझा किया है।’’ 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights