जमानत पर बाहर घूम रहे दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यह समझ रहे हैं कि इस बार विधानसभा चुनाव जीतना उनके लिए बेहद मुश्किल है इसलिए वह हर तरह के लोक लुभावन वादे तो जनता से कर ही रहे हैं साथ ही भ्रम और अफवाह भी फैला रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अपने गृह राज्य हरियाणा पर आरोप लगा दिया कि वहां से यमुना में जहर मिलाया जा रहा है। इस आरोप को लेकर केजरीवाल के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गयी और चुनाव आयोग को भी शिकायत दी गयी। हरियाणा की जनता ने केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने यमुना का जल पीकर दिखाया लेकिन केजरीवाल ने माफी नहीं मांगी। अब चुनाव आयोग ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए केजरीवाल को एक पत्र लिख कर कहा है कि वह यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ने के मुद्दे को नदी को जहरीला बनाने के आरोपों के साथ नहीं जोड़ें। निर्वाचन आयोग ने केजरीवाल से यह बताने को कहा है कि नदी के पानी को जहरीला बनाने के उनके उस आरोप पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाए, जिससे विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ सकता है। वैसे चुनाव आयोग या अन्य संस्थाएं केजरीवाल को कितनी भी सीख या चेतावनी दे दें वह अपने आरोप लगाओ और भाग जाओ वाले रुख से शायद ही विचलित हों।

आज चूंकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है तो केजरीवाल ने उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए एक्स पर पोस्ट किया है कि बापू का जीवन हमें सिखाता है कि अन्याय करने वाला व्यक्ति कितना भी ताकतवर क्यों न हो अगर आप सही रास्ते पर हैं तो उसका निडरता से मुकाबला करो। एक दिन वो हार जाएगा और सत्य की ही जीत होगी। देखा जाये तो केजरीवाल ने बात तो एकदम सही लिखी है लेकिन यह सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए कि वह इस रास्ते पर खुद क्यों अमल नहीं करते? क्यों उन्होंने आम आदमी पार्टी के गठन के उद्देश्यों और सिद्धांतों को सत्ता मिलते ही तिलांजलि दे दी? राजनीति को बदलने के नाम पर सत्ता में आये केजरीवाल खुद क्यों बदल गये? जिन नेताओं पर वह घोटाले के आरोप लगाया करते थे उनके साथ बैठने और गठबंधन करने को वह क्यों आतुर हो गये? सवाल कई हैं लेकिन केजरीवाल उनके जवाब देंगे नहीं। जो व्यक्ति अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दे सकता है उसके लिए जनता को धोखा देना बायें हाथ का खेल है।

हम आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी जोरशोर से प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि मैं यहां आने से पहले अन्ना हजारे जी से मिलकर आ रहा हूँ। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे ने मुझसे कहा कि केजरीवाल इस दुनिया के सबसे बेईमान व्यक्ति हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बिना सोचे समझे बोलने और राष्ट्रीय राजधानी के लोगों से विकास के झूठे वादे करने का आरोप लगाया है। फडणवीस ने रोहिणी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर ओलंपिक में भ्रष्टाचार की दौड़ होगी तो केजरीवाल स्वर्ण पदक जीतेंगे। उन्होंने मतदाताओं से दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने का आग्रह किया ताकि दिल्ली का तेज विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली को ‘‘आप सरकार के कुशासन’’ के कारण सीवर, गंदे पानी और प्रदूषित हवा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता के लिए प्रचार करते हुए फडणवीस ने कहा, ‘‘केजरीवाल को अन्ना हजारे से बेहतर कौन जान सकता है? मैं यहां आने से पहले अन्ना हजारे से मिल चुका हूं। उन्होंने मुझसे कहा कि केजरीवाल इस दुनिया के सबसे बेईमान व्यक्ति हैं।’’

हम आपको याद दिला दें कि केजरीवाल ने 2011 में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के साथ भ्रष्टाचार रोधी आंदोलन किया था और देखते ही देखते वह प्रसिद्ध हो गए थे। बाद में केजरीवाल और अन्ना हजारे के रास्ते अलग हो गए थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights